कोरोना संक्रमण से कोटद्वार क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 69 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर उनका कोरोना उपचार किया जा रहा है। संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के उमेश नगर निवासी 85 वर्षीय वृद्धा को 28 मई को परिजनों ने गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रैपिड एंटीजन टेस्ट में वृद्धा कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद तत्काल उनका आईसीयू में कोरोना उपचार शुरू कर दिया गया, लेकिन एक घंटे के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं रिखणीखाल ब्लाक क्षेत्र के एक 77 वर्षीय बुजुर्ग को तेज बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत पर 11 मई को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया था। कोरोना टेस्ट में संक्रमित पाए जाने के बाद उनका कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा था। 28 मई को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं संगलाकोटी क्षेत्र के एक 63 वर्षीय व्यक्ति को तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत होने पर कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच में वह कोरोना संक्रमित मिले। 28 मई की शाम को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। बताया कि कोरोना गाइड लाइन के तहत सभी मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।