कोटद्वार। बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद के जंगल क्षेत्र में स्थित कोटद्वार ब्रांच लाइन के हाल्ट स्टेशन सनेह रोड पर ट्रैक लेवल प्लेटफाॅर्म का निर्माण शुरू हो गया। अब यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में परेशानी नहीं होगी और दुर्घटनाएं भी रुकेंगी।
नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच ब्रांच लाइन से ट्रेनों का आवागमन होता है। ट्रेनें बिजनौर वन प्रभाग की कौड़िया वन रेंज के अंतर्गत जंगल क्षेत्र से होकर गुजरती हैं। यहां रेलवे का हाल्ट स्टेशन सनेह रोड स्थित है। हाल्ट स्टेशन पर आसपास के गांवों के ग्रामीण और मजदूरपेशा लोग उतरते और चढ़ते हैं। स्टेशन के सामने रेल ट्रैक कुछ ऊंचा था, जबकि प्लेटफाॅर्म नहीं बने होने से रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान यात्रियों को परेशानी हो रही थी और कुछ यात्री गिरकर चोटिल भी हो रहे थे। सनेह रोड से कुछ ही किलोमीटर के फासले पर कोटद्वार रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। प्लेटफार्म आदि व्यवस्थाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। इसी को देखते हुए सनेह रोड स्टेशन पर भी ट्रैक लेवल प्लेटफाॅर्म बनाना शुरू किया गया।
हाल्ट स्टेशन पर सभी ट्रेनें दिन में गुजरती हैं। एकमात्र कोटद्वार-आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन देर रात में गुजरती है। रात्रि में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए भूमि को समतल कर प्लेटफाॅर्म बनने से इस पर विराम लगेगा। खंड अभियंता रेलवे नजीबाबाद पंकज शर्मा ने बताया कि कोटद्वार और नजीबाबाद में पैनल रूम का निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य की अवशेष धनराशि से सनेह रोड पर ट्रैक लेवल प्लेटफाॅर्म बनाया जा रहा है। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।