कण्वघाटी (कोटद्वार)। भाबर स्थित सिडकुल सिगड्डी ग्रोथ सेंटर की बदहाल सड़कों की समस्या को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबर का असर दिखाई दिया। औद्योगिक क्षेत्र में सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने से उद्योगपतियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
सिडकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता, उद्योगपति सुरेश ठाकुर, चमन लाल शर्मा, विवेक चौहान, हिमांशु डंगवाल और शरद जदली ने बताया कि सिगड्डी ग्रोथ सेंटर की सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में थीं। वहीं, भारी वाहनों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही थीं। अमर उजाला ने चार अप्रैल को सड़क बदहाल होने से राहगीर हो रहे चोटिल शीर्षक से खबर प्रकाशित कर संबंधित विभाग और सिडकुल प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा था। इसके बाद सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई शुरू हुई है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर उद्योगपतियों, फैक्टरी संचालकों और कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए अमर उजाला का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधरेगी। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग की।