कोटद्वार। प्रहरी के रूप में समाज को सुरक्षा प्रदान करने वाले एक सिपाही ने समय रहते रक्तदान कर एक महिला की जान बचाई। बेस अस्पताल में भर्ती एक महिला को प्रसव उपरांत काफी रक्तस्राव हुआ। इससे महिला का स्वास्थ्य काफी गिर गया। सूचना मिलते ही आधारशिला फाउंडेशन के अध्यक्ष दलजीत सिंह कोटद्वार कोतवाली में तैनात सिपाही सरदार परमजीत सिंह को साथ लेकर बेस अस्पताल के ब्लड बैंक में पहुंचे। परमजीत सिंह ने पीड़ित महिला की मदद के लिए तत्काल रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। जब उन्हें यह पता चला कि अस्पताल में भर्ती एक महिला को काफी रक्तस्राव होने पर उन्हें रक्त की आवश्यकता है, तो उन्होंने अंतर्मन की आवाज सुनी और रक्तदान किया। वहीं, उन्होंने समय समय पर रक्तदान करने वाले कोतवाल प्रदीप नेगी को अपना प्रेरणास्रोत बताया। संवाद