कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के नरसंहार, सरेआम लूटपाट, अत्याचार एवं धार्मिक स्थलों में आगजनी की घटनाओं की निंदा करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार बांग्लादेश सरकार पर राजनयिक दबाब बनाने में पूरी तरह नाकाम रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ता सिमलचौड़ स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए वह सिमलचौड़ चौराहा पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर स्वतंत्र राष्ट्र बांग्लादेश बनाया था और वह भारत का मित्र राष्ट्र था। कहा कि केंद्र सरकार बांग्लादेश के हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हुई है और अपने देश के भीतर भी राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू और मुसलमानों को बांटना चाहती है।
पुतला दहन करने वालों में पौड़ी जनपद प्रभारी एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, बलवीर सिंह रावत, प्रवीन रावत और सूरज प्रकाश नेगी आदि शामिल रहे।