ई-टिकट मशीनें अपडेट नहीं होने पर कुछ बसों में की गई मेनुअल टिकट व्यवस्था
कोटद्वार। रोडवेज डिपो कार्यालय में कंप्यूटर सॉफ्टवेयर निष्क्रिय होने से काफी देर तक बस संचालन पर ब्रेक लगा रहा। डिपो के बाहर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। बसों में सवार यात्री छटपटाते रहे। मेनुअल टिकट की व्यवस्था जुटाकर कुछ बसों को विलंब से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
कोटद्वार रोडवेज डिपो से रोजाना सुबह जयपुर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, पटियाला, चंडीगढ़ आदि क्षेत्रों के लिए रोडवेज बसों का संचालन होता है। सभी बसें थोड़े-थोड़े समय के अंतराल से गंतव्य के लिए रवाना होती हैं। बुधवार को इन बसों का संचालन प्रभावित हुआ। दरअसल समयपाल कक्ष में लगे कंप्यूटर सिस्टम का सॉफ्टवेयर निष्क्रिय हो गया था। जिस कारण ड्यूटी स्लिप नहीं बन सकीं और टिकट मशीनें अपडेट नहीं हो सकीं।
वहीं, डिपो के बाहर खड़ी बसों के गंतव्य के लिए रवाना होने में विलंब होने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई। जानकारी मिलने पर एआरएम अनुराग पुरोहित ने सॉफ्टवेयर को दुरुस्त कराने तक मेनुअल टिकट की व्यवस्था जुटाकर बसों को गंतव्य के लिए रवाना किया। कुछ देर बाद सॉफ्टवेयर सक्रिय होने पर हालात सामान्य हो गए। परिचालकों को ई-टिकट मशीन मिलना शुरू हुई।
तकनीकी कारणों से कंप्यूटर सॉफ्टवेयर निष्क्रिय हो गया था। हालांकि कुछ समय बाद यह सामान्य हो गया लेकिन तब तक कुछ बसों को मेनुअल टिकट देकर रूट पर भेज दिया गया था। -अनुराग पुरोहित, एआरएम, कोटद्वार।