कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के युवाओं ने सिडकुल सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्र की छह इकाइयों में श्रमिकों से कथित तौर पर अधिक समय तक काम कराने और कम वेतन देने की शिकायत सहायक श्रम आयुक्त से की है। पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में युवाओं ने ज्ञापन सौंपकर संबंधित इकाइयों का निरीक्षण और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
शिकायत में रेड बेक्स, एल्डेको, जीवन लाइफ साइंस, क्रिएटिव इम्पेक्स, हनी बी और रेनबो इकाइयों का उल्लेख किया गया है। नौडियाल के अनुसार, कुछ इकाइयों में श्रमिकों से प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक काम कराने के बावजूद ओवरटाइम का उचित भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत मिली है।
श्रम विभाग से जांच के दौरान श्रमिकों के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज कराने और शिकायतकर्ताओं पर दबाव नहीं बनने देने का अनुरोध किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई कर श्रमिकों को उनके वैधानिक अधिकार और देय लाभ दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में अमित काला, मुकुल नेगी, पार्षद मनोज शाह, पंकज कपटियाल, छात्रसंघ सचिव मानस काला और रविंद्र रावत आदि शामिल रहे।