सतपुली। नयार घाटी के बिलखेत में सोमवार से पर्यटकों के लिए कमर्शियल टैंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई। एडवेंचर बकेट कंपनी के पायलट मयंक बिष्ट और तारा सिंह डंगवाल ने स्थानीय युवाओं के साथ सात उड़ानें भरीं।
पैराग्लाइडिंग का टेकऑफ कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से किया जा रहा है, जबकि लैंडिंग बिलखेत में राजकीय इंटर कॉलेज के पास मैदान में हो रही है। एडवेंचर बकेट कंपनी के संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि पर्यटन विभाग से कमर्शियल टैंडम पैराग्लाइडिंग की अनुमति मिलने के बाद यह सुविधा शुरू की गई है।
पैराग्लाइडिंग स्पीड विंग पायलट हिमांशु गुप्ता ने कहा कि नयार घाटी पैराग्लाइडिंग के लिए उपयुक्त स्थानों में शामिल है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से संचालित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर के नोडल अधिकारी और विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी ने कहा कि नयार घाटी की ऊंची पर्वत शृंखलाएं, समतल मैदान और अनुकूल हवा पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं को बढ़ाते हैं। यह संस्थान शुरू होने पर अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के बाद देश का तीसरा पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान होगा। इससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। संवाद