कोटद्वार। पुलिस क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने बृहस्पतिवार को थाना धुमाकोट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, मेस, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरों और कंप्यूटर उपकरणों की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों का अनुशासन और टर्न आउट उच्च स्तर का बनाए रखने, बैरकों व आवासीय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सरकारी संपत्ति का उचित रखरखाव करने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के बाद थाना धुमाकोट में तैनात पुलिसकर्मियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्राधिकारी ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। संवाद