स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उठी मांग
कार्डियोलॉजिस्ट, तकनीकी स्टाफ की तैनाती और खराब मशीनों की मरम्मत की उठाई मांग
कोटद्वार। बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं के विरोध में नागरिक मंच ने बृहस्पतिवार को अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
नागरिक मंच के सदस्य बेस अस्पताल परिसर में एकत्र हुए। मंच के अध्यक्ष सीपी नैथानी ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। लिथोट्रिप्सी मशीन को ठीक कराने के लिए मानवाधिकार आयोग, जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने चिकित्सकों और तकनीकी कर्मियों की शीघ्र नियुक्ति, खराब पड़ी मशीनों की मरम्मत और आयु सीमा पूरी कर चुकी पुरानी मशीनों के स्थान पर नई मशीनें स्थापित करने की मांग की। मंच ने कोटद्वार को जिला बनाने और क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। निर्णय लिया गया कि फिजीशियन, कार्डियोलॉजिस्ट और तकनीकी स्टाफ की तैनाती की मांग को लेकर मंच का एक प्रतिनिधिमंडल विधानसभा अध्यक्ष व स्वास्थ्य मंत्री से मिलेगा।
धरना प्रदर्शन में गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, गोविंद डंडरियाल, पीसी नवानी, जयवीर सिंह रावत, राजेंद्र पंत, देवव्रत काला, मुजीब नैथानी, विपुल उनियाल, चित्रमणि देवलियाल, सुनील कोटनाला शामिल रहे।