कोटद्वार। नगर में लोगों का करोड़ों रुपये लेकर एक चिट फंड कंपनी के फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों ने पुलिस और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर उनका पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों के करीब दर्जनभर लोग कोटद्वार तहसील पहुंचे। लालपानी निवासी दीपक कुमार की अगुवाई में उन्होंने एसडीएम योगेश मेहरा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मई 2018 में कुछ लोग उनके पास आए थे। उन्होंने यूपी के शामली निवासी एक युवक से मुलाकात कराई और केरियोपटो प्रोफिट इन्फोटैक लिमिटेड कंपनी में इन्वेस्ट करने की सलाह दी। तब इसमें शत प्रतिशत फायदा होने की बात कही गई। कंपनी से जुड़े कोटद्वार क्षेत्र के लोगों का विश्वास करते हुए क्षेत्रवासियों ने पैसा जमा कराना शुरू कर दिया। जब लोगों ने कंपनी के अधिकारी बने स्थानीय और बाहर के लोगों से उन्हें पैसा वापस दिलाने की बात कही तो वे टालमटोल कर बहाने बनाने लगे। प्रभावित दीपक कुमार, आलोक कुमार, सुमित राणा, भास्कर बड़थ्वाल, गबर सिंह, अमित कुमार, गौरव लखेड़ा, हरदीक, अजय कुमार व मुकेश कंडवाल ने बताया कि कानूनी कार्रवाई करने बात करने पर ये लोग यूपी के बदमाशों से मरवाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने कंपनी के सात लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जाएगी।