स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के सत्यापन के लिए बुधवार तड़के मुख्य विकास अधिकारी उज्याड़ी गांव पहुंचे तो ग्रामीण हैरत में पड़ गए। ग्रामीणों ने सीडीओ के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे जहां ग्रामीण इलाकों में चल रहे विकास कार्यों में तेजी आएगी, वहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत मुख्य विकास अधिकारी विजय जोगदंडे अधिकारियों की टीम के साथ बुधवार को तड़के साढ़े पांच बजे ग्राम पंचायत उज्याड़ी पहुंचे। उन्होंने गांव में निर्मित और निर्माणाधीन शौचालयों का निरीक्षण किया, साथ ही जिला विकास अधिकारी, परियोजना प्रबंधक स्वजल और खंड विकास अधिकारी को गांव में शीघ्र शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सीडीओ को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही अपने गांव को खुले में शौच से मुक्ति दिला देंगे।
इस दौरान सीडीओ ने गांव में हुए विभिन्न विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान उर्मिला देवी, दयाल पटवाल, सोहन सिंह, शांति देवी, उमा देवी, सीमा देवी, केशर सिंह, आशा देवी आदि मौजूद थे।