बैजरो। बीरोंखाल ब्लॉक के अंतर्गत काशीपुर-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग नेशनल हाईवे पर बैजरो पंचपुरी मोटर पुल के पास बृहस्पतिवार रात एक कार अनियंत्रित होकर पूर्वी नयार नदी में जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार लोनिवि बैजरो खंड के अवर अभियंता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी भेज दिया है। कार में वह अकेले ही थे। हादसे का पता लोगों को शुक्रवार सुबह लगा।
थलीसैंण थाना के एसआई मनोज गैरोला ने बताया कि लोनिवि बैजरो में कार्यरत जनपद हरिद्वार के बहादराबाद निवासी अवर अभियंता योगेश कुमार (32) पुत्र जयमल सिंह बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे बैजरो बाजार से खाना खाकर पीडब्ल्यूडी कालोनी स्थित अपने आवास लौट रहे थे। रास्ते में पंचपुरी मोटर पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे पूर्वी नयार नदी में जा गिरी। रात को हादसे का पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो उनकी कार पंचपुरी के पास नदी में दुर्घटनाग्रस्त मिली। स्थानीय ग्रामीणों के साथ उनके साथी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन वह दुर्घटनास्थल के आसपास नहीं मिले। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ चल रहा था। नयार नदी में पानी अधिक होने की वजह से उनके बह जाने की आशंका के चलते घटना की सूचना थलीसैंण थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नयार नदी के किनारे से अवर अभियंता योगेश कुमार का शव बरामद किया। सब इंस्पेक्टर मनोज गैरोला ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी भेज दिया है। दुर्घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।