सतपुली/कोटद्वार। शुक्रवार तड़के कोटद्वार से सतपुली जाते समय एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सतपुली थाना पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान चलाकर तीनों घायलों को खाई से निकालकर सतपुली अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सतपुली थानाध्यक्ष दीपक तिवाड़ी ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोटद्वार से सतपुली की ओर जा रही एक कार गुमखाल-सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग पर होटल नयार घाटी के निकट गहरी खाई में गिर गई है। सूचना उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। कार सड़क से करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी मिली। देर रात के घने अंधेरे के बीच बचाव टीमें बमुश्किल कार तक पहुंचीं। तीनों घायल कार में ही फंसे थे। तीनों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस से हंस हॉस्पिटल सतपुली पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान पीआरडी जवान नरेंद्र सिंह (44) पुत्र मुकंदी लाल, निवासी ग्राम चमाली, ब्लॉक एकेश्वर, तहसील सतपुली, भूपेंद्र सिंह (27) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पूरनपुर, तहसील नजीबाबाद, जनपद बिजनौर एवं उत्कर्ष सैनी (26) पुत्र राजीव भारती सैनी, निवासी ग्राम अकबरपुर चौगांवा, निकट ग्रीन फील्ड स्कूल, कोटद्वार मार्ग, नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। थानाध्यक्ष दीपक तिवाड़ी ने बताया कि घटनास्थल पर एसडीएम सतपुली अनिल चन्याल, सीओ कोटद्वार निहारिका सेमवाल, स्थानीय पुलिस बल और एसडीआरएफ के एएसआई प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया था। घायल कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे। इसलिए घायलों के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी थी। तीनों घायल उपचाराधीन हैं।