संवाद न्यूज एजेंसी
लैंसडौन। गुरुद्वारे के निकट स्थित पार्किंग स्थल पर गंदगी फैलाने पर छावनी परिषद ने टैक्सी, कार, वाहन समितियों को चेतावनी पत्र जारी किया है।
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने चेतावनी पत्र में कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि गुरुद्वारे के निकट स्थित छावनी पार्किंग स्थल पर काफी गंदगी फैलाई जा रही है। पार्किंग स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए टैक्सी यूनियनों द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है। छावनी परिषद के सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि चेतावनी पत्र में कहा गया है कि छावनी क्षेत्र में इन वाहनों से प्रवेश शुल्क व पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता है। फिर भी इन यूनियनों के अधीन कार्यरत वाहन चालकों द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल व आसपास कूड़ा फेंक कर गंदगी फैलाई जा रही है। यह छावनी नियमों की अनदेखी है। चेतावनी पत्र जारी करने के बाद भी सुधार नहीं होने पर छावनी परिषद की ओर से कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संवाद