कैंट बोर्ड की बैठक में नगर में वाहनों के प्रवेश करने पर प्रवेश शुल्क, पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और निर्धारित पार्किंग स्थलों के चयन पर चर्चा की गई। इसमें छह निर्वाचित सदस्यों ने गांधी चौक स्थित यात्री शेड के निकट दो रुपया प्रतिदिवस पार्किंग शुल्क पर छह टैक्सियों को देने का सुझाव दिया।
मंगलवार को कैंट की बोर्ड बैठक की शुरुआत नवनियुक्त सदस्य सचिव अंकिता सिंह व सदस्य ओसीएमएच कर्नल डॉ. बीएस चौहान को शपथ दिलाकर हुई। बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने सदस्य सचिव व सदस्य को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उसके बाद पिछली बैठक में पारित 25 प्रस्तावों की प्रगति आख्या सदस्यों के सामने रखी गई। साथ ही कैंट कर्मचारियों के महंगाई भत्ते, पुनरीक्षित समयमान वेतनमान, वन रक्षकों को पुनरीक्षित वेतनमान और ग्रेड वेतनमान देने के प्रस्ताव पारित किए गए।
कैंट क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश करने पर प्रवेश शुल्क में बढ़ोतरी, पार्किंग शुल्क लगाने तथा उनके लिए निर्धारित स्थल से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चर्चा की गई। इस संबंध में सीईओ व सदस्य सचिव ने सदन को अवगत कराया कि मसले के निराकरण के लिए जिलाधिकारी ने बोर्ड को पत्र लिखा है।
उपाध्यक्ष डॉ. एसपी नैथानी, राजेश ध्यानी, दिनेश रावत ने कहा कि बोर्ड द्वारा टैक्सियों के लिए जगह का निर्धारण किया गया था। छह निर्वाचित सदस्यों ने गांधी चौक स्थित यात्री शेड के निकट दो रुपया प्रतिदिवस पार्किंग शुल्क पर छह टैक्सियों को देने का सुझाव दिया। सदस्य सचिव अंकिता सिंह ने बताया कि टैक्सी यूनियनों की मांग, आमजन साधारण की समस्या, जिलाधिकारी के पत्र, कैंट की पार्किंग से होने वाली आय इन सभी बिंदुओं पर विचार व समीक्षा कर जल्द ही इस बारे में निर्णय ले लिया जाएगा। बैठक में एसडीएम सोहन सिंह सैनी, एसएसओ कर्नल आर.एस ठाकुर, ले. कर्नल संदीप जुनेजा, सुमित्रा नेगी, इंद्रा रावत, राजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।