कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के कुंभीचौड़ निवासी दिनेश कुमार शाह ने पशुपालन विभाग के फार्मासिस्टों की नियुक्ति रद्द कर प्रतीक्षारत बेरोजगार फार्मासिस्टों को मेडिकल कॉलेजों में चयनित करने की मांग की है।
दिनेश का आरोप है कि संबंधित विभागों ने उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेश का उल्लंघन किया है। कार्रवाई न होने पर उन्होंने उच्च न्यायालय नैनीताल में अपील दायर की। उच्च न्यायालय ने 13 फरवरी 2026 को उन्हें 10 दिनों में प्रत्यावेदन देने व विभाग को निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने का आदेश दिया था लेकिन विभाग ने निराकरण नहीं किया और 14 मई 2026 को दोबारा नियुक्ति पत्र दिए। दिनेश शाह का आरोप है कि विभागों ने उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन कर पशुपालन विभाग में पहले से नियुक्त फार्मासिस्टों को सीनियरिटी का दोबारा लाभ दिया गया। उन्होंने पशुपालन विभाग में कार्यरत फार्मासिस्टों के नाम हटाने और प्रतीक्षारत बेरोजगार फार्मासिस्टों का राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फार्मासिस्ट के पद पर चयन करने की मांग की है। संवाद