गोखले मार्ग के एक व्यापारी के बेटे ने शनिवार दोपहर में अपनी दुकान में जहर खाकर जान दे दी। बेटे के आत्मघाती कदम उठाने से जहां परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं आसपास के व्यापारी सकते में हैं। बताया जा रहा है कि वह दो तीन दिन से मानसिक रुप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, कोटद्वार के उमेश नगर निवासी पंकज अग्रवाल (44) पुत्र प्रेम प्रकाश अग्रवाल शनिवार को अपनी झंडाचौक स्थित पंसारी की दुकान पर बैठा हुआ था। करीब साढ़े ग्यारह बजे उसने दुकान से कीटनाशक गटक ली, जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। दुकान में कार्यरत कर्मियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। तुरंत उसे राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उसके आत्मघाती कदम उठाने से सकते में हैं। उन्होंने बताया कि पंकज को कोई परेशानी नहीं थी।
संदिग्ध हालात में युवक की मौत
कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लाक के ग्राम सकड़ा निवासी एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, ग्राम सकड़ा निवासी मुकेश (32) पुत्र रमेश चंद को परिजनों ने बेहोशी की हालत में यहां राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टराें ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खाने का प्रतीत हो रहा है।