संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के सांसद से कोटद्वार से डांडा का नागराजा बस सेवा शुरू कराने की मांग की गई है। सांसद को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि यह बस सेवा शुरू होने से परिवहन की विकट समस्या झेल रहे दर्जनभर क्षेत्रों को लाभ होगा।
ग्रास्टनगंज निवासी समाजसेवी राजेश प्रकाश थपलियाल ने सांसद अनिल बलूनी को ज्ञापन भेजकर बताया कि पौड़ी गढ़वाल में डांडा का नागराजा का प्राचीन मंदिर है। जिसमें लोगों की बड़ी आस्था है। यहां कोटद्वार, दिल्ली, देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों से अनेकों श्रद्धालु यहां मंदिर में दर्शन करने आते हैं। मंदिर कोटद्वार से करीब 100 किमी. और पौड़ी से करीब 35 किमी. दूर है। कोरोना काल से पहले इस मार्ग पर कोटद्वार और पौड़ी से दो-दो बसें डांडा नागराजा, बंगानी खाल के लिए चलती थीं। कोरोना महामारी के बाद से चारों बसों का संचालन बंद कर दिया गया है।
वर्तमान में सतपुली, बंघाट, बनेख, घंडियाल, कांसखेत, अधवानी, नाहसैन, बंगानी खाल, डांडा का नागराजा और बहेड़ा खाल क्षेत्र के लोगों को परिवहन संबंधी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस रूट पर कोई भी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। लोग निजी वाहनों पर ही निर्भर हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समस्या के निराकरण के लिए प्रयास किए गए, लेकिन समाधान नहीं होने से परिवहन की समस्या विकट बनी हुई है। राजेश प्रकाश ने 12 से अधिक क्षेत्रों को समस्या से निजात दिलाने के लिए कोटद्वार से डांडा का नागराजा तक बस सेवा शुरू कराने की मांग की।