थलीसैंण। तहसील थलीसैंण के डुमणीकोट गांव के समीप बूंगीधार-नागचुलाखाल मोटर मार्ग करीब 30 मीटर पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। प्रशासन ने ब्रिडकुल के अधिकारियों को यातायात जल्द सुचारु किए जाने के निर्देश दिए हैं। नायब तहसीलदार थलीसैंण आनंदपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बूंगीधार-नागचुलाखाल मोटर मार्ग का डुमणीकोट गांव के पास करीब 30 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के चलते एक दर्जन से ज्यादा गांवों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। साथ ही एक बस सेवा का रूट भी प्रभावित हो गया है। एनटी आनंद पाल सिंह ने बताया कि मोटर मार्ग पर यातायात जल्द बहाल किए जाने के लिए ब्रिडकुल के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।