गत मंगलवार की रात तड़ियाल चौक के पास राहगीर को टक्कर मारने वाले तेज रफ्तार बाइक सवार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि मृतक के भाई अनूप जदली निवासी तड़ियाल चौक शिब्बूनगर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। बताया कि मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे के करीब उसका भाई पवन जदली (34) तड़ियाल चौक से आगे कान्वेंट स्कूल के मेन गेट के पास सड़क किनारे चल रहा था। तभी तड़ियाल चौक से कलालघाटी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्पीड ब्रेकर के ऊपर से जाने के बजाय बाइक एकदम किनारे काट दी। तेज रफ्तार बाइक पवन जदली से जा टकरा गई थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल पवन जदली ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया कि हादसे में लकड़ी पड़ाव निवासी बाइक सवार सोहेल (17) पुत्र साहिद और उसके पीछे बैठी लड़की प्रिया (19) निवासी तड़ियाल चौक भी घायल हो गए। उन्हें भी बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएसआई ने बताया कि मृतक के भाई की ओर से बाइक का नंबर देते हुए अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्युकारित करने का मुकदमा पंजीकृत करते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच बाजार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक संदीप शर्मा को सौंपी गई है।