कोटद्वार। अंग्रेजी शराब के ठेके में बिजनौर जिले के एक्साइज कांस्टेबल की जमकर धुनाई का मामला प्रकाश में आया है। संबंधित पक्षों की ओर से इस मामले में देर रात तक समझौते के प्रयास शुरू हो गए थे।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद निवासी सतेंद्र कुमार की ओर से कोटद्वार कोतवाली में घटना की तहरीर दी गई है। सतेंद्र के अनुसार वह बिजनौर जिले में आबकारी विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। बृहस्पतिवार शाम को वह कोटद्वार अपनी रिश्तेदारी में आया था। रात आठ बजे वह शराब की दुकान में शराब की एक बोतल खरीदने गया। पैसे देकर जैसे ही वह बोतल लेकर कमरे पर गया तो उसे बोतल के डब्बे में सीलपैक खाली बोतल मिली। सीलपैक खाली बोतल को वापस कराने वह ठेके पर गया तो वहां मौजूद तीन से चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। कहा कि इन लोगों ने उसे दुकान के अंदर खींच लिया। किसी तरह जान बचाकर वह ठेके से बाहर निकला और जानकारी दोस्तों को दी। रात नौ बजे वह मामले की तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचा। बताया कि शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी पूरी घटना को बयां कर सकते हैं। सीओ जेआर जोशी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।