हनुमंती-दुगड्डा मोटर मार्ग का हाल पहले ही खराब था, ऊपर से बारिश ने इसकी सूरत बिगाड़ दी है। यहां पुश्ते और पहाड़ी दरकने से हादसे का खतरा बना हुआ है। बदहाल सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हनुमंती, क्रैंखाल, उमथगांव और फतेहपुर को जोड़ने वाले मोटर मार्ग की हालत बेहद जर्जर हो गई है। बारिश से सड़क पर कई जगह पुश्ते दरक रहे हैं। तीन जगह पर पुश्ते व सड़क धंसने से बड़े वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। गांव के लोग जरूरी सामान लेकर पैदल सफर करने को मजबूर हैं।
खास बात यह है कि खतरे से अनजान कई लोग इस सड़क पर वाहन लेकर आ रहे हैं जिनको आधे रास्ते से लौटना पड़ रहा है। पत्थर गिरने और सड़क पर बने गड्ढों से दुपहिया वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है। एडीबी की लापरवाही का आलम यह है कि मार्ग पर खतरे की सूचना देने के लिए बोर्ड भी नहीं लगाए हैं।
आपदा से क्षतिग्रस्त हुए हनुमंती-क्रैंखाल मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए शासन से बजट की मांग की गई है। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुुुका है। फिलहाल जेसीबी की मदद से सड़क को हल्के वाहनों के संचालन योग्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- मुनेंद्र राजपूत, एई एडीबी फेस-3 दुगड्डा