ग्रामीण रातभर कर रहे गोशालाओं की पहरेदारी
सतपुली। पोखड़ा ब्लॉक के कोलागाड क्षेत्र में भालू की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। पाटिल्यूं गांव में मंगलवार रात भालू ने गोशाला की छत तोड़कर अंदर बंधी दुधारू गाय को मार डाला। क्षेत्र में पिछले तीन सप्ताह के भीतर मवेशियों पर भालू के हमले की यह पांचवीं घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।
सामाजिक कार्यकर्ता हर्षवर्धन जॉनी ने बताया कि कोला ग्रामसभा के पाटिल्यूं गांव निवासी सतपाल सिंह की दुधारू गाय गोशाला में बंधी थी। मंगलवार रात भालू गोशाला की छत तोड़कर अंदर घुसा और गाय को निवाला बना लिया। ग्रामीणों के अनुसार कोलागाड पट्टी के गडरी, पणिंया, कोला, पाटिल्यूं, भतकोट, भोलाछानी और गोदिया गांवों में पिछले तीन सप्ताह से भालू की दहशत बनी है।
भालू रात के समय गोशालाओं के दरवाजे और छत तोड़कर मवेशियों पर हमला कर रहा है। कई अन्य मवेशियों पर भी हमले का प्रयास किया जा चुका है। लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीण रातभर जागकर गोशालाओं की पहरेदारी करने को मजबूर हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन भेजकर भालू की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशनी देवी, दिनेश जुयाल, राम सिंह, सोहन सिंह, शिव सिंह, शशि देवी आदि के हस्ताक्षर हैं।
सूचना मिलने पर पोखड़ा रेंज के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। रेंजर नक्षत्र शाह ने बताया कि विभागीय कर्मियों ने मौका मुआयना किया है। पशु क्षति के मुआवजे के लिए रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।