भालू के हमले में घायल घाट ब्लाक के भेटी गांव की महिला मीना देवी की स्थिति यहां बेस अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। उनके चहरे पर 100 से अधिक टांके लगे है। डाक्टरों का कहना है कि मीना देवी की स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं महिला का बीपीएल कार्ड में नाम गलत दर्ज होने से उन्हें सरकारी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है।
चमोली जनपद के घाट ब्लाक के ग्राम भेटी (मिंगतीर) की मीना देवी (47) पर सोमवार को गांव के ही पास ही भालूू ने हमला कर दिया था। भालू से संघर्ष करते हुए मीना देवी बुरी तरह से घायल हो गई थी। इसके बावजूद वह स्वयं चल कर सड़क तक पहुंची। एक वाहन चालक उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घाट ले गया। वहां से मीना को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। मीना के आंख, गले एवं कान को भालू ने बुरी तरह से नोच डाला है। डाक्टर अमित ने बताया कि उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं मीना देवी के पति नंदन सिंह ने बताया कि बीपीएल कार्ड में उनकी पत्नी का नाम मीना देवी की जगह मथुरा देवी दर्ज हो गया है। इससे उन्हें गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।