द्वारीखाल/कोटद्वार। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विजया बड़थ्वाल ने सोमवार को द्वारीखाल ब्लॉक सभागार में विभागीय अधिकारियों, महिला जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें और जागरूक रहें। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाने और अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विजया बड़थ्वाल ने कहा कि महिलाएं पहाड़ की रीढ़ हैं। उन पर ही परिवार की सभी जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में उन्हें स्वयं अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने की जरूरत है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उन्हें उठाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और उत्पीड़न होने पर चुप्पी साधने के बजाय इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।
एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। बीडीओ अतिया परवेज ने महिला स्वयं सहायता समूहों के बारे में जानकारी दी। उपखंड शिक्षा अधिकारी सुमेर सिंह कैंतुरा ने प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों के बारे में अवगत कराया। सीओ अनिल जोशी ने महिला उत्पीड़न के मामलों की जानकारी दी। जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार ने विभाग के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, नंदा व गौरा योजना आदि के बारे में जानकारी दी। परियोजना निदेशक एसएम शर्मा ने विभाग से संबंधित जानकारियां दीं।
इससे पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने ब्लाक सभागार में पहुंचने पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। अध्यक्ष ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैलूसैंण का भी निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिलाष धारीवाल ने उन्हें चिकित्सालय की समस्याएं बताईं।
-फोटो