कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई। इससे मरीजों और तीमारदारों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर बाद इंजीनियर पहुंचने के बाद लिफ्ट दुरुस्त हो सकी।राजकीय बेस अस्पताल का भवन चार मंजिला है। इसमें भूतल पर इमरजेंसी वार्ड, सीटी-एमआरआई जांच, एक्स-रे सेक्शन है। पहली मंजिल पर ओपीडी, दवा वितरण केंद्र एवं बिलिंग सेक्शन बने हैं। दूसरी मंजिल पर प्रसव केंद्र, जच्चा-बच्चा वार्ड, तीसरी मंजिल पर विभिन्न वार्ड और चौथी मंजिल पर ओटी एवं अन्य वार्ड बने हैं।
बृहस्पतिवार को अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ थी। मरीजों के अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में आने-जाने के लिए लिफ्ट लगी है। जिसमें बृहस्पतिवार सुबह तकनीकी खराबी आ गई। मरीजों को सीढि़यों से आना-जाना पड़ा।
काफी देर बाद अस्पताल प्रशासन को लिफ्ट में खराबी आने का पता चला। इंजीनियर को बुलवाकर लिफ्ट को दुरुस्त कराया गया। तब तक ओपीडी का समय खत्म होने पर अस्पताल खाली हो चुका था। वहीं, अस्पताल आए तीमारदारों ने दो में से केवल एक ही लिफ्ट चलाने, अस्पताल में मरीजों के लिए व्हीलचेयर, स्ट्रेचर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।