किशनपुर। भाबर के एवीएन स्कूल हल्दूखाता में दो दिवसीय बालिका वॉलीबाल चैम्पियनशिप का शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट के पहले दिन लीग मुकाबले और क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। बालभारती, नवयुग और हैप्पी होम ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बुधवार को टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमित राज और एवीएन स्कूल के चेयरमैन रजनीश शर्मा ने रिबन काट कर किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा की खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, क्योंकि खेल भावना के बिना जीत हासिल नहीं की जा सकती। विद्यालय की संचालिका अनुराधा नैथानी शर्मा ने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन मैच बाल भारती और ज्ञान भारती स्कूल के मध्य खेला गया जिसे बाल भारती ने जीत लिया। इसके बाद राइजिंग सन ने आरसीडी को, एसजीआरआर ने बलूनी स्कूल को, नवयुग ने टीसीजी को, डैफोडिल ने रोमाचंक मैच में स्कॉलर को हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। पहले क्वार्टर फाइनल में हैप्पी होम ने मदर लैंड और दूसरे मैच में नवयुग ने एसजीआरआर को हराकर सेमिफाइनल में प्रवेश किया। अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बाल भारती ने राइजिंग सन हराकर सेमीफाइनल ने अपना स्थान बनाया। इस अवसर पर सौरभ राजपूत, शेखर उपाध्याय, वीरेंद्र देवरानी, प्रमोद सिंह, रेणू भट्ट, वंदना कुकरेती, आशा भट्ट, मोहिनी कराकोटी मौजूद रहे।