बैजरो-धोबीघाट सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। 507.68 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क निर्माण का लोगों को वर्षों से इंतजार था। सड़क के निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई को इसका श्रेय देते हुए अपर अभियंता प्रदीप यादव से सड़क का भूमिपूजन कराया।
पूर्व प्रधान सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि ग्रामसभा धोबीघाट से स्यूंसी, बीरोंखाल और मुख्य सड़कों से दूरी लगभग आठ किलोमीटर है। लोग वर्षों से जनप्रतिनिधियों और नेताओं से गांव की सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। लेकिन किसी ने भी तीन किमी. में फैली इस धोबीघाट ग्रामपंचायत की सुध नहीं ली। लोगों को मुख्य बाजार और सड़क पर आने के लिए आठ किमी. पैदल चलना पड़ता है। अब इस सड़क के बनने से रिखाड़, धोबीघाट, आमकुलाऊं मल्ला, पोखरसैण और निवासू ग्रामपंचायतों की करीब 2500 की आबादी को लाभ मिलेगा। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों की मेहनत से सड़क निर्माण का कार्य हो रहा है। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का आभार जताया। इस अवसर पर ग्रामीण त्रिलोक सिंह, कृपाल सिंह, हर्षपाल सिंह,पान सिंह प्रधान बीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।