मूल्यागांव के निकट मलबा-बोल्डर आने से अवरुद्ध ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग 15 घंटे बाद बुधवार को चालू हो गया। पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुबह 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण पौड़ी जाने वाले कर्मचारी काफी देर तक फंसे रहे।
बता दें कि मंगलवार शाम बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के निकट दो स्थानों (किमी 307 और 308) में भारी बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया था। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की ओर से भेजी गई जेसीबी जब बोल्डर नहीं हटा सकी, तो पोकलैंड मशीन भेजी गई।
दोनों मशीनों ने रात 11 बजे तक मार्ग खोल दिया, लेकिन कुछ देर मार्ग खुलने के बाद पुन: बंद हो गया। लोनिवि को मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना सुबह सवा छह बजे मिली। लोनिवि ने मार्ग को सुबह पौने दस बजे तक खोल दिया, लेकिन 11:30 बजे तक मार्ग पुन: अवरुद्ध हो गया।
12 बजे तक मार्ग से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही चालू कराई। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खंडाह और गंगादर्शन मोड़ के समीप मलबा आने से अवरुद्ध हो गया था। दोनों स्थानों पर मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया गया है।