कोटद्वार। यूपी के जंगल में अपने झुंड से बिछुड़कर एक शिशु हाथी भटकते हुए मंगलवार तड़के कोटद्वार आबादी क्षेत्र में आ गया। देवी रोड पर हाथी को देखकर मार्निंग वॉक करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। गांव में लोगों का हो-हल्ला होने पर शिशु हाथी देवीरोड पर सड़क किनारे स्थित एक कार सर्विस सेंटर के वाटर टैंक में जा गिरा। ग्रामीणों ने बाल्टियों से टैंक का पानी निकालकर हाथी की जान बचाई। सूचना मिलते ही हरकत में आए पुलिस, प्रशासन और वन विभाग नेे हाथी की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया।
मंगलवार सुबह पांच बजे तड़के बलभद्रपुर बीईएल रोड से सटे उत्तर प्रदेश के जंगल से भटक कर हाथी का करीब डेढ़ का बच्चा (नर शिशु) बलभद्रपुर से रतनपुर रोड होते हुए देवी रोड जल निगम स्टोर के पास पहुंच गया। इससे देवी रोड पर अफरा-तफरी सी मच गई। वहां जैसे ही एक आटो रुका, हाथी का बच्चा आटो पर लपक पड़ा। आटो चालक और उसके सहयोगी आटो छोड़कर भाग गए। इस बीच मार्निंग वाक के लिए सड़क पर आए लोगों ने भी हो-हल्ला शुरू कर दिया। शोर सुनकर हाथी नजदीक एक कार सर्विस सेंटर के गेट को तोड़ते हुए उसके करीब आठ फीट गहरे पानी के टैंक में जा गिरा। सूचना मिलते ही शिब्बूनगर के प्रधान डबल सिंह रावत, लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज के रेंजर एसपी कंडवाल अपने अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मशीन मंगवाकर वाटर टैंक को पूरी तरह से खाली करवा दिया। बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हाथी के बच्चे को रात के अंधेरे में निकालकर जंगल में छोड़ा जाएगा।
हाथी के बच्चे की हालत सामान्य
वन विभाग के एसडीओ जीसी बेलवाल ने बताया कि लोगों की भीड़ को देखते हुए हाथी के बच्चे का दिन में रेसक्यू नहीं किया जाएगा। देर शाम को सड़क पर ट्रैफिक कम होने पर हाथी को रतनपुर रोड होते हुए यूपी के जंगल में छोड़ दिया जाएगा। फिलहाल उसे केले खिलाए गए हैं और उसकी हालत सामान्य है।