कोटद्वार। भाबर के गोरखपुर निवासी कण्व योग समिति के अध्यक्ष व पूर्व सैनिक नीरज नेगी पर खननकारियों ने जानलेवा हमला कर उनकी कार में तोड़फोड़ की। घटना से गुस्साए गोरखपुर, पदमपुर सुखरो और योग समितियों से जुड़े लोगों ने कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए पांच से छह अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को महर्षि कण्व योग समिति के सदस्य और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने कोतवाली पहुंचकर समिति के अध्यक्ष पर हमले के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि कुछ दिन पहले समिति के अध्यक्ष नीरज नेगी की अगुवाई में ग्रामीणों ने अवैध खनन से ग्रामीणों को हो रही दिक्कतों की शिकायत एसडीएम के समक्ष की थी। जिससे खननकारी परेशान हो उठे। पीड़ित ने तहरीर में बताया कि बुधवार शाम साढ़े पांच बजे वह गोरखपुर स्थित अपने आवास से बाहर निकले और सड़क किनारे खड़ी अपनी कार की ओर चल दिए। जैसे ही वह गाड़ी में बैठे तभी ये युवक उनके पीछे आए और एक युवक जबरन उनकी कार की चाबी निकालने की कोशिश करने लगा।
उन्होंने उसका हाथ झटका और कोठला गांव में कार को सड़क पर पार्क कर अपने परिचित के घर चले गए। उनका पीछा कर रहे नींबूचौड़ निवासी एक युवक और उसके साथ पांच छह युवक वहां धमक गए। उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने चार फरवरी को मालन नदी में अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर पूर्व डीआईजी बलराम सिंह नेगी, प्रमोद रावत, सुभाष बिष्ट, बृजमोहन सिंह नेगी, गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, मदनमोहन काला, धीरेंद्र बिष्ट, राकेश भंडारी, सौरव नौडियाल, राजेंद्र जजेड़ी, अनीता रावत, किरन तिवाड़ी, सुनीता रावत, अनीता रावत, किरन गौड़, रुचि कंडवाल, रश्मि नेगी, नीतू रावत, भारती नेगी, सुनीता सजवाण, कांति बिष्ट, हेमलता सुंडली आदि शामिल रहे।