राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण संस्थान बनाने की तैयारी
सतपुली। नयारघाटी के बिलखेत में अब खिलाड़ी पैराग्लाइडिंग के गुर सीखेंगे। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से आयोजित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की असीमित संभावनाएं हैं। क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान बनाने की कार्यवाही गतिमान है। डीटीडीओ कमल किशोर जोशी ने बताया कि एक से 30 अक्तूबर तक चलने वाले शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी अभ्यास करेंगे और पैराग्लाइडिंग की बारीकियां सीखेंगे। प्रशिक्षु ढाढ़ूखाल से टेकऑफ कर बिलखेत से सटे मैदान में लैंडिंग करेंगे।
शिविर में टिहरी, भीमताल, देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस मौके पर पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, ओम प्रकाश जुगराण, राकेश नौडियाल, संतोष डबराल मौजूद रहे।