बेस अस्पताल कोटद्वार : मरीजों को नहीं मिल पा रही वैक्स बाथ और एक्सरसाइज की सुविधा, भटक रहे मरीज
कोटद्वार। सर्दी बढ़ने के साथ ही मांसपेशियों में जकड़न और जोड़ों में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे मरीजों को दवा देने के साथ साथ फिजियोथेरेपी की जरूरत भी महसूस की जा रही है लेकिन फिजियोथेरेपिस्ट की ओपीडी पर ताला लटका है।
बेस अस्पताल में दो अस्थि रोग विशेषज्ञ ओपीडी में मरीजों को देखते हैं। दोनों चिकित्सक प्रतिदिन हड्डियों व जोड़ों में दर्द और मांसपेशियों खिंचाव अथवा जकड़न की समस्या लेकर रोजाना आने वाले औसतन 200 से ज्यादा मरीजों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय परामर्श देते हैं। इनमें कई मरीज ऐसे भी होते हैं जिन्हें फिजियोथेरेपी की सलाह दी जाती है। कई मरीजों को वैक्स बाथ, कई मरीजों को अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज और कई मरीजों को दोनों ही लेने की सलाह दी जा रही है।
वहीं, पिछले तीन दिन से सर्दी में इजाफा होने से मरीजों में फिजियोथेरेपी की आवश्यकता अधिक महसूस की जा रही है लेकिन मरीजों को थेरेपी नहीं मिल पा रही है। दरअसल अस्पताल की फिजियोथेरेपी ओपीडी पर ताला लटका है। फिजियोथेरेपिस्ट के 31 दिसंबर तक छुट्टी पर जाने की सूचना ओपीडी के दरवाजे पर तो चस्पा है, जबकि डिस्प्ले बोर्ड पर इसे इंगित नहीं किया है। मरीज फिजियोथेरेपी के लिए भटकने और प्राइवेट फिजियोथेरेपिस्ट से महंगा उपचार कराने के लिए मजबूर हैं।
निजी एवं पारिवारिक कार्यों के लिए 31 दिसंबर तक अवकाश पर जाना पड़ा है। 1 जनवरी, 2026 के बाद नियमित रूप से मरीजों को फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध होगी।
-अमन लांबा, फिजियोथेरेपिस्ट, बेस अस्पताल कोटद्वार।