पौड़ी। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में होने वाले प्रसिद्ध बूंखाल मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने हितधारकों और अधिकारियों को मेला सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में मंत्री डॉ. रावत ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने लोनिवि को तय जगहों पर चेकपोस्ट और बैरियर निर्माण समय पर पूरा करने और पैठाणी से चौरीखाल तक सड़क पर पैचवर्क पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य द्वार से मंदिर तक मार्ग चौड़ा करने और तीव्र मोड़ों को दुरुस्त करने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, आयोजन स्थल पर लाउडस्पीकर लगाने और यातायात संचालन के लिए ठोस इंतजाम करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत को मंदिर परिसर के आसपास साफ सफाई, झाड़ी कटान, शौचालय और कूड़ेदान की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने, हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम स्वाति एस भदौरिया, सीडीओ अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, मेला समिति सचिव कमल रावत आदि मौजूद रहे।