क्षेत्रवासियों में रोष, कहा- स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला, कार्रवाई की मांग
जयहरीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के बैरगांव में स्वतंत्रता सेनानी भूपाल सिंह के स्मृति शिलापट को अराजक तत्वों ने तोड़ डाला। इसके बाद से क्षेत्रवासियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत वर्ष 2023 में गांव के विद्यालय भवन पर स्मृति शिलापट स्थापित किया गया था। स्मृति शिलापट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी अंकित था। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीद द्वार को तोड़े जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि यह नई घटना सामने आ गई। लगातार हो रहीं ऐसी घटनाएं शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं।
स्व. भूपाल सिंह के पुत्र सतेंद्र सिंह ने एसडीएम सतपुली और बीडीओ द्वारीखाल को पत्र भेजा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सतेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण शिलापट की समुचित देखरेख नहीं हो सकी। अराजक तत्वों ने मौका पाकर शिलापट को क्षतिग्रस्त कर दिया। क्षेत्रवासियों ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्मृति चिह्न को क्षति पहुंचाना केवल एक पत्थर तोड़ना नहीं है, बल्कि यह उन बलिदानों का अपमान है जिनकी बदौलत देश आज स्वतंत्र है।