कोटद्वार। अंकिता हत्याकांड मामले में शुक्रवार को तीसरी तिथि पर भी कोटद्वार स्थित एडीजे कोर्ट में एसआईटी के विवेचना अधिकारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह खोलिया के बयान दर्ज हुए। तीसरी तिथि पर भी उनकी गवाही पूरी नहीं हो सकी, इस कारण उन्हें अगली तिथि 9 अगस्त को फिर से अदालत में हाजिर होना होगा।यमकेश्वर के गंगाभोगपुर तल्ला के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत अंकिता भंडारी की 18 सितंबर, 2022 को हत्या हो गई थी। बहुचर्चित इस हत्याकांड की एसआईटी जांच के बाद कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय में मुकदमे का ट्रायल चल रहा है। अभियोजन पक्ष की ओर से इससे पहले तक 46 गवाह अदालत में पेश किए जा चुके हैं। शुक्रवार को तीसरी तिथि पर भी उनके बयान दर्ज कराए जाने का सिलसिला जारी रहा। उनकी गवाही अभी पूरी नहीं सकी। इस कारण उन्हें 9 अगस्त को फिर से मुख्य परीक्षा के लिए अदालत में बुलाया गया है।