कण्वघाटी/कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के झंडीचौड़ उत्तरी में सोमवार को पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) केंद्र शुरू हो गया। 24.50 लाख की लागत से बने केंद्र में एक समय में 50 कुत्तों को रखने की क्षमता है। केंद्र के संचालन से कोटद्वार और भाबर क्षेत्र में निराश्रित श्वानों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
मेयर शैलेंद्र सिंह रावत और क्षेत्रीय पार्षद रजनीश बेबनी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। मेयर ने कहा कि राज्य वित्त से 24.50 लाख की लागत से केंद्र का निर्माण कराया गया है। उन्होंने पशु प्रेमियों से नगर निगम के साथ सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर पार्षद जेपी बहुखंडी, मनीष नैथानी, राजेंद्र बिष्ट, इंद्रजीत सिंह रावत, सुषमा जखमोला, आकांक्षा रावत, एबीसी केंद्र संचालक कुलदीप ठाकुर, कड़क पहाड़ी संस्था के बबलू नेगी, शालू रावत, ऋतु डुकलान, रुचि नेगी, उमा कंडवाल और अक्षित खंतवाल आदि मौजूद रहे। संवाद