यमकेश्वर ब्लाक में चल रहे शराब के अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसडीएम जीआर बिनवाल को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
सोमवार को यमकेश्वर को नशामुक्त बनाने के लिए ब्लाक प्रमुख यमकेश्वर कृष्णा नेगी और प्रधान संगठन यमकेश्वर के अध्यक्ष दिनेश भट्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील में धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि यमकेश्वर क्षेत्र में वाहनों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई हो रही है, जिसे रोकने में प्रशासन नाकाम रहा है। 15 जुलाई को तहसील में दिए गए ज्ञापन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
यमकेश्वर ब्लाक में सरकारी शराब की दुकान दस्तावेजों में कहीं और दर्ज है और वास्तव में अनधिकृत रूप से जुलेडी ग्राम सभा में संचालित हो रही है, जिसे जल्दी हटाया जाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर प्रशासन उसको शीघ्र नहीं हटाता है तो पहले क्रमिक अनशन और उसके बाद में आमरण अनशन किया जाएगा।
इस अवसर पर यमकेश्वर की विधायक विजया बड़थ्वाल ने धरने पर आकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी यमकेश्वर से वार्ता कर इस पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने सभी लोगों को यमकेश्वर में अवैध रूप से शराब की सप्लाई पर रोक लगाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सीला महाबीर सिंह, धन सिंह राणा, ग्राम प्रधान अनिल नेगी, राजवीर सिंह नेगी, रविंद्र सिंह, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह राणा, बुद्धि सिंह, रामेश्वरी देवी व विधाता देवी आदि मौजूद थे।