आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन ने मानदेय, भवन किराया, टेक होम राशन समेत अन्य देयकों का भुगतान समय से करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को कोटद्वार तहसील में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर समस्याओं के निराकरण के लिए तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। चेतावनी दी कि 13 अगस्त तक मांगों का समाधान न होने पर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।
शनिवार को दुगड्डा ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कोटद्वार तहसील में एकत्र हुए। यहां उन्होंने यूनियन की ब्लॉक अध्यक्ष ऊषा गोस्वामी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनपद में संचालित कई योजनाओं में उन्हें पिछले पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। समय से मानदेय का भुगतान न होने से उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो साल से भवन किराया न मिलने के कारण भवन स्वामी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं। टीचर सेल होम कुक्ड़ फूड (टीएचआर कुक्ड फूड) की धनराशि नहीं मिलने से ग्रामीण और लाभार्थी सवाल उठा रहे हैं, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आर्थिक एवं मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं। कहा कि उनके पास अपने विभाग की छह सेवाओं के साथ अन्य विभागों का कार्य भी है। बीएलओ कार्य के लिए उन्हें महज 6,000 रुपये प्राप्त होते हैं। वह भी उन्हें समय पर नहीं मिलता है। पिछली बार निर्वाचन कार्यों की धनराशि बढ़ाने की मांग की गई थी लेकिन अभी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मौके पर निर्वाचन कार्य के लिए 15 हजार रुपये देने की मांग की गई।
धरना प्रदर्शन करने वालों में सचिव पुष्पा देवी, कोषाध्यक्ष रोशनी देवी, बसंती रावत, संजू, रिहाना, मीना राणा, बबीता सक्सेना, पूनम, सुबोधनी, रोशनी, नीमा, अंजू, प्रर्मिला देवी, प्रभा जोशी, अनीता, सुमित्रा देवी आदि शामिल रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, निकाली रैली
विकासखंड एकेश्वर और पोखड़ा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आठ माह से मानदेय न मिलने समेत अन्य मांगों के लिए शनिवार को चौबट्टाखाल तहसील में रैली निकाली और धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री व बाल विकास मंत्री को ज्ञापन भेजा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगठन की जिलाध्यक्ष पूनम कैंतुरा के नेतृत्व में पोखड़ा एवं एकेश्वर विकासखंडों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बीते आठ माह से मानदेय न मिलने, भवन किराया न मिलने, टेक होम और कुक्ड फूड की राशि न मिलने पर तहसील मुख्यालय चौबट्टाखाल में प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन करने वालों में एकेश्वर की ब्लॉक अध्यक्ष संतोषी देवी, पोखड़ा की ब्लाक अध्यक्ष ज्योति बिष्ट, गोदांबरी देवी, गीता गुसाईं, रेखा देवी, सीता देवी कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थीं। संवाद
फोटो