कोटद्वार। मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर दुगड्डा, जयहरीखाल, रिखणीखाल और नैनीडांडा ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शुक्रवार को जिलाध्यक्ष बसंती रावत और ब्लॉक अध्यक्ष संगीता भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये और सहायिकाओं व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 70 रुपये की बढ़ोतरी की मांग कर रहा है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर अंशदान कल्याण कोष से एकमुश्त 10 लाख रुपये देने की मांग भी उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि मांगों को लेकर संगठन 23 अक्तूबर से आंदोलनरत है। नौ नवंबर को मुख्यमंत्री ने दिसंबर से मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन इसमें कितनी बढ़ोतरी होगी, इसकी वास्तविक राशि स्पष्ट नहीं की गई।
प्रदर्शनकारियों में संपत्ति देवी, हेमलता, अंबिका, देवकी, दीपा भट्ट, विनीता देवी, अनीता बिष्ट, रेणुका, माया देवी, कविता रावत, सरोज, नीलम नेगी, वंदना, सुषमा रावत, लक्ष्मी रावत, गुड्डी देवी, मीना, अनीता देवी, विजयलक्ष्मी, शबाना और रेखा बिष्ट आदि मौजूद रहीं।