श्रीनगर। उप जिला चिकित्सालय की एक एंबुलेंस कई सालों से नियमों के विपरीत संचालित हो रही है। गत चार सालों से उप जिला चिकित्सालय के अंतर्गत संचालित होने वाली बिना नंबर प्लेट की एंबुलेंसें धड़ल्ले से यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं। हैरत की बात यह है कि कई सालों से नियमों के विपरीत चल रही एंबुलेंस पर यातायात और पुलिस प्रशासन की नजर नहीं है।
परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की ओर से भी नियमों का उल्लंंघन करने वाले सरकारी वाहनों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. विमल गुसाईं ने बताया कि चार वर्ष पहले दो एंबुलेंस पौड़ी से अस्पताल को मिली थीं। जिसमें से एक एंबुलेंस पर पहले से नंबर प्लेट नहीं है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू एवं उप जिला अस्पताल श्रीनगर को एक-एक नई एंबुलेंस मिलने वाली हैं। नई एंबुलेंस मिलने के बाद एक पुरानी एंबुलेंस पौड़ी वापस भेजी जाएगी। संवाद