राष्ट्रपति शासन का असर यहां भी दिखाई देना लगा है। जिला अधिकारी की ओर से गठित टास्क फोर्स ने कांग्रेस नेता को आवंटित खनन पट्टे पर छापा मारा। टीम ने भी पाया कि अवैध रूप से चुगान के बजाय खुदान हो रहा है। आवंटित पट्टे मेें 775 घन मीटर अधिक खुदान पाया गया। वहीं, पंचपीपल मेेें सीमा क्षेत्र से बाहर जाकर चुगान करने पर संबंधित पट्टेधारक पर जिला मजिस्ट्रेट ने 11.50 लाख रुपये की पेनाल्टी ठोक दी है।
शनिवार को टास्क फोर्स के सदस्य एसडीएम रजा अब्बास, उप प्रभागीय वनाधिकारी गोस्वामी और कोतवाल उत्तम सिंह दल-बल के साथ अलकेश्वर घाट के समीप अलकनंदा नदी में आवंटित खनन पट्टे में पहुंचे। यह पट्टा कांग्रेस नेता प्रदीप तिवारी को आवंटित है। टीम के पहुंचते खनन कर रहे मजदूर और कर्मचारी सकते में आ गए। वहीं टीम भी नदी की हालत देखकर दंग रह गई।
छापामारी की सूचना सुनकर तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दलील दी कि वह नियमानुसार काम कर रहे हैं। नियम के अनुसार नदी से एक मीटर गहराई या नदी तल तक जो भी कम हो, उस सीमा तक चुगान किया जा सकता है। अभी वह नदी तल से काफी ऊपर से माल उठा रहे हैं। यही नहीं उनको जितनी उपखनिज निकासी की अनुमति मिली है, उससे काफी कम चुगान किया गया है। बहरहाल, टीम ने नापजोख कराई। एसडीएम अब्बास ने बताया कि पट्टेधारक ने निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक चुगान किया है। पट्टेधारक ने 775 घन मीटर अधिक खनन किया है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन को पेश की जा रही है।