भाबर के झंडीचौड क्षेत्र के एक गांव में अपनी दस साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी पिता को कलालघाटी चौकी पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम देवी रोड से गिरफ्तार कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को उसे जिला जज पौड़ी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चौदह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
कलालघाटी चौकी इंचार्ज खजान सिंह चौहान ने बताया कि घटना गत मंगलवार रात की है। पीड़ित बच्ची की मां की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई थी। इसमें उसके पति विजय प्रसाद पर शराब के नशे में बेटी से अश्लील हरकत करने और दुराचार के प्रयास की शिकायत की गई है।
पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार देर शाम उसे देवी रोड पर एक होटल के पीछे से दबोच लिया गया। उसके खिलाफ दुराचार का प्रयास, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी और पोक्सो की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।