न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रज्ञा तिवारी की अदालत ने सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। अपनी भाभी को पालतू कुत्ते से कटवाने, लाठी से मारपीट करने और अभद्रता के आरोप में घिरे खड़ग सिंह को अदालत ने दोषमुक्त कर दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रज्ञा तिवारी की अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल नहीं रहा।
मामला 18 मार्च 2022 का है। अभियोजन के अनुसार गिवई स्रोत क्षेत्र में खड़ग सिंह ने अपनी भाभी खष्टी देवी के साथ मारपीट की और उन्हें कुत्ते से कटवाया। पीड़िता और उनकी बेटियों ने आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे।
अदालत ने साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए पाया कि कुत्ते के काटने की चोटों की पुष्टि तो होती है लेकिन यह साबित नहीं होता कि आरोपी ने जानबूझकर कुत्ते को उन पर छोड़ा था। अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि को लेकर भी पीड़िता, उनकी बेटियों और चिकित्सक के बयानों में अंतर मिला। अदालत ने यह भी पाया कि गाली देने और जान से मारने की धमकी के आरोपों का स्पष्ट उल्लेख पुलिस को दिए गए शुरुआती बयानों में नहीं था। इन कमियों के आधार पर अदालत ने खड़ग सिंह को सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।