दुगड्डा-कोटद्वार मार्ग पर दुर्गा देवी मंदिर के समीप एक स्कूटी सड़क किनारे चट्टान से टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि पिता और पुत्र अपने-अपने वाहनों से महाबगढ़ दर्शन के बाद कोटद्वार लौट रहे थे।
स्कूटी पर सवार बेटे ने अपने पिता के सामने ही दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस के अनुसार कोटद्वार भाबर के हल्दूखाता ग्राम निवासी चंद्रमोहन थपलियाल और उनका 19 वर्षीय पुत्र नमन थपलियाल बुधवार शाम को महाबगढ़ मंदिर के दर्शन कर अपने-अपने वाहनों से कोटद्वार लौट रहे थे।
पिता बाइक पर थे तो बेटा नमन अपनी स्कूटी से आ रहा था। स्कूटी सवार नमन आगे-आगे चल रहा था। दुर्गा देवी मंदिर के समीप नमन की स्कूटी अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गई। चट्टान से टकराते ही नमन के सिर पर पहना हेलमेट छिटककर सड़क किनारे गिर गया और वह गंभीर रुप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा।
बाइक से आ रहे पिता ने घायल बेटे को सड़क से उठाया और 108 की मदद से उसे कोटद्वार के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।