श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर में छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों के संबंध में में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह विगत दिनों में अनेक बार विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग कर चुके हैं, बावजूद विवि प्रशासन मांगों की अनदेखी कर रहा है। जिससे कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। बृहस्पतिवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विवि के बिड़ला परिसर के गेट से अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। छात्रसंघ अध्यक्ष जसवंत सिंह राणा ने कहा कि संगठन की प्रवेश में राज्य सरकार की ओर से प्रदत्त ओबीसी प्रमाणपत्र को मान्य किया जाए व रिक्त पड़ी ओबीसी सीटों को सामान्य वर्ग में परिवर्तित किया जाए। इसके अलावा विवि में एमलिब, बीएससी एग्रीकल्चर, बीटेक एआई, बीटेक सिविल पाठ्यक्रमों का संचालन किए जाने, छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य सुविधा के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाने तथा महिला छात्रावासों में महिला सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति तत्काल किए जाने की मांग की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि कक्षा-कक्षों की कमी के कारण कक्षाएं सुबह 8.30 से सायं 5.30 बजे तक चलती हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को भारी असुविधा होती है। इसके लिए उन्होंने कक्षा-कक्षों की संख्या बढ़ाए जाने व आईटीईपी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त पदों पर शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति की जाने, शोध छात्रों की अंतिम मौखिक परीक्षा उनके संबंधित महाविद्यालयों/परिसरों में ही संपन्न करवाए जाने, विभिन्न पाठ्यक्रमों में अंतिम वर्ष में अनुत्तीर्ण छात्र छात्राओं के लिए परीक्षा परिणाम के 15 दिन के भीतर विशेष अंक सुधार परीक्षा करवाने की मांग की। कहा कि विवि प्रशासन से वार्ता के माध्यम से मांगे मनवाने की कोशिश की गयी थी, लेकिन कोई भी हल नहीं मिलने के कारण अनिश्चित कालीन धरना करना अंतिम विकल्प रह गया है। धरने में केंद्रीय विवि के संयोजक अमन पंत, नगर मंत्री आयुष भारद्वाज, महिपाल बिष्ट, हिमांशु भंडारी, भुवन चमोली, रोहित कोहली और पंकज फर्स्वाण आदि मौजूद रहे।