घनसाली (टिहरी)। तीन माह से वेतन न मिलने से बालगंगा महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द वेतन का भुगतान करने की मांग की है। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। समय पर वेतन न मिलने से नाराज शिक्षकों और कर्मचारियों ने मंगलवार को बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध किया। कहा, तीन माह से वेतन मिलने के कारण आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। इन दिनों स्कूलोें में बच्चों का एडमिशन चल रहा है। फीस जमा हो रही है। वेतन न मिलने से अपने बच्चों का स्कूल में एडमिशन नहीं दिला पा रहे हैं। होली के त्योहार से पहले उन्होंने सरकार से शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान करने की गुहार लगाई है। इस मौके पर गिरीश नौटियाल, सुरजन खत्री, हरि दास और रघुवीर सिंह आदि मौजूद थे। संवाद