कोटद्वार। परिवहन निगम में ई-टेंडर के लिए जारी कार्ड लेकर रोडवेज बस में मुफ्त सफर करने वाले युवक को परिचालक ने बस से उतार दिया। इस पर युवक ने जमकर हंगामा किया। अशोभनीय टिप्पणी भी की। दुकानदारों और रोडवेज कर्मियों ने उसे शांत करने का प्रयास किया तो युवक अभद्रता करने लगा। सूचना मिलने पर बाजार चौकी से एसआई शोएब मौके पर पहुंचे और युवक को फटकार लगाकर चौकी ले गए। युवक ने बताया कि वह रिखणीखाल थाना क्षेत्र का निवासी है और इसी कार्ड पर रोडवेज बस में सफर करता है। रोडवेज कर्मियों ने पुलिस को स्पष्ट किया कि इस कार्ड पर बस में मुफ्त सफर नहीं किया जा सकता। युवक द्वारा अजीबोगरीब बातें करने पर उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।