लैब में जांच के लिए निर्माण सामग्री के नमूने लिए
अत्याधुनिक उपकरणों से देखी लेंटर, पिलर की गुणवत्ता
कोटद्वार। रोडवेज डिपो के निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन के अब तक हुए निर्माण का देहरादून से पहुंची टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। तकनीकी उपकरणों से जांच के बाद टीम निर्माण सामग्री के नमूने जांच के लिए अपने साथ ले गई। वहीं, सामने नजर आईं खामियों में तत्काल सुधार करने की हिदायत दी।
इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स इंडिया (आईईआई) की देहरादून लैब से तकनीकी अभियंता जितेंद्र कुमार एवं गिरधर सिंह मंगलवार सुबह कोटद्वार रोडवेज डिपो परिसर में बन रहे भवन की तकनीकी जांच के लिए पहुंचे। कार्यदायी संस्था मंडी परिषद के अवर अभियंता विपुल पोखरियाल ने टीम को बताया कि मंडी परिषद की ओर से अगस्त, 2024 में 9.88 करोड़ रुपये के बजट से भूतल समेत चार मंजिला भवन निर्माण का कार्य शुरू किया गया।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। भूतल पर बस व कार की पार्किंग के अलावा हॉल व अन्य कक्ष बनाए गए हैं। प्रथम तल पर वर्क स्टेशन व कार्यालय बने हैं। द्वितीय व तृतीय तल पर कमरे बनाए गए हैं। देहरादून की कंपनी कोठारी एसोसिएट्स काम कर रही है। मार्च तक काम पूरा करने का लक्ष्य है।
निर्माण में कुछ जगहों पर मिली खामियों में सुधार के लिए कहा गया है। कुछ बड़ी खामियों को चिह्नित किया गया है। इसके अलावा निर्माण सामग्री की जांच रिपोर्ट, तकनीकी उपकरणों से प्राप्त आंकड़ों, भवन की ड्राइंग आदि के तकनीकी बिंदुओं की लैब में बारीकी से जांच की जाएगी। -जितेंद्र कुमार, तकनीकी अभियंता, आईईआई देहरादून।